मोहाली (साहिबजादा अजीत सिंह नगर): मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज ऐतिहासिक धरती चप्पड़चिड़ी से ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के निर्णायक चरण की शुरुआत की और नशों के खिलाफ लड़ाई को जन आंदोलन बनाने के लिए सभी 23 जिलों में जाने वाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में नशों को चोरी-छिपे भी बिकने नहीं दिया जाएगा।

रैली के साथ सुझाव और शिकायत बॉक्स ले जाने तथा फिल्म ‘थापी’ की टीम के जागरूकता अभियान से जुड़ने के मद्देनजर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने युवाओं से नशों के बजाय शिक्षा और खेलों को अपनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने भाजपा, अकाली दल और कांग्रेस की पिछली सरकारों को नशे फैलाने तथा पंजाब की छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए जिम्मेदार ठहराया।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “रैली के दौरान लोगों के लिए नशा तस्करों के बारे में सूचना देने या उनके संबंध में जानकारी साझा करने के लिए एक शिकायत बॉक्स भी उपलब्ध होगा। इसका उद्देश्य गांवों और शहरों तक पहुंचना, नशे की लत के बारे में जागरूकता पैदा करना और प्रभावित लोगों को इलाज करवाने के लिए प्रेरित करना है। इसमें भाग लेने वाले बाइक सवार ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान के राजदूत हैं, जो इस नेक पहल के माध्यम से समाज की सेवा कर रहे हैं।”

पिछली सरकारों पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “वर्षों की उपेक्षा ने पंजाब और इसके लोगों को अवसरों से वंचित रखा। हमारी सरकार जनहितैषी नीतियों, जवाबदेह शासन और विकास संबंधी पहलों के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक अवसर प्रदान कर रही है, जिसका सीधा लाभ आम परिवारों को मिल रहा है।”

अंत में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के अंतिम चरण को पूरे दृढ़ संकल्प और लोगों के सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा। हम पंजाब को नशामुक्त बनाने और इसके लोगों के लिए सुरक्षित, स्वस्थ तथा खुशहाल भविष्य का निर्माण करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे।”
