डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही के आरोप, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर; पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई का आश्वासन
ऊना/सुशील पंडित: क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में प्रसव के दौरान एक महिला और उसके नवजात शिशु की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ। मृतका के परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मामला बढ़ता देख जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा आक्रोशित परिजनों को शांत करवाने का प्रयास किया। परिजनों के विरोध के बीच पुलिस ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज कर एफआईआर की प्रति परिजनों को सौंप दी। मृतका की पहचान रीना देवी (33) पत्नी राजीव कुमार, निवासी अरनियाला के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रसव के दौरान महिला और उसके नवजात शिशु की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों व मेडिकल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने के आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे परिजन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और एडीसी ऊना अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को शांत करवाने और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। इस दौरान परिजन मौके पर ही एफआईआर दर्ज करने और संबंधित डॉक्टर को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने उन्हें मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
अस्पताल प्रशासन ने रिपोर्ट शिमला भेजी
परिजनों के लगातार विरोध के बीच पुलिस ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया। वहीं, अस्पताल प्रशासन ने भी पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर शिमला भेजने की बात कही है। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वस्त किया कि मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने मृतका के पोस्टमार्टम के बाद मामले में आगे की कार्रवाई करने का भरोसा दिया। फिलहाल, परिजन मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
