एटा: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग की लखनऊ और जनपदीय टीम ने देर रात डोली रोड स्थित सपना डेयरी पर संयुक्त रूप से रेड की। इस दौरान सेहत विभाग की टीम ने डेयरी से भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री बरामद की। सेहत विभाग की टीम द्वारा यह कार्रवाई रात करीब 12 बजे की गई। छापेमारी के दौरान कोतवाली देहात पुलिस भी मौजूद रही। सहायक आयुक्त खाद्य विजय वर्मा ने बताया कि जनपद में बड़ी मात्रा में नकली पनीर, खोया और देसी घी तैयार कर बेचे जाने की सूचना मिल रही थी। सूचना के आधार पर लखनऊ से आई टीम ने एटा की खाद्य सुरक्षा टीम के साथ सपना डेयरी पर छापा मारा।
जांच के दौरान मौके से करीब 10 क्विंटल पनीर, एक क्विंटल घी, 40 किलो क्रीम और 8 क्विंटल सोया वीन समेत एसएमपी, सोयाबीन तेल, रिफाइंड तथा अन्य खाद्य सामग्री बरामद की गई। खाद्य विभाग की टीम ने बरामद खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। वहीं मौके पर मिली संदिग्ध सामग्री को जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर जमीन में दबाकर नष्ट करा दिया गया।
अधिकारी विजय वर्मा के अनुसार डेयरी संचालक दलबीर सिंह यादव पुत्र महेंद्र सिंह यादव समेत तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली देहात में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। बरामद सामग्री की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी में लखनऊ टीम से सहायक आयुक्त खाद्य मनोज वर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुख्यालय धनंजय शुक्ला व ज्ञानपाल सिंह तथा एटा की टीम से मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सैयद इवाद उल्लाह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामवीर सिंह और विमल कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
