चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में सेवा ज्योति कलश यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन आयोजनों के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।
इसी कड़ी में बुधवार को करनाल में एनडीआरआई के सामने अग्रसेन चौक पर आयोजित विकसित भारत सेवा संकल्प सभा में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने कहा कि यह साधारण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उनके जीवन से प्रेरणा लेकर सेवा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है। प्रत्येक नागरिक को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।
जिला अंबाला में आयोजित समारोह में ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि वर्ष 2001 में श्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और तब से सार्वजनिक जीवन में सेवा करते हुए 25 वर्ष पूर्ण किए हैं। इसी उपलक्ष्य में देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा और संकल्प, दोनों एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। प्रत्येक नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए अपने स्तर पर क्या योगदान दे सकता है।
