जालंधर, ENS: कैंट विधायक परगट सिंह के पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीपीसीसी) के अध्यक्ष बनने की खुशी में उनके घर पर जश्न का माहौल है। वहीं परगट सिंह बंगला साहिब में नतमस्तक होने के पहुंचे। परगट सिंह के पंजाब प्रधान बनने की घोषणा के बाद परिवार और उनके समर्थक परगट सिंह के घर के बाहर पहुंचकर एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं। ऐसे में उनके समर्थकों ने खुद ही जश्न मनाते हुए एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाया और लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की।
समर्थकों का कहना है कि परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी मिलने से जालंधर कैंट समेत पूरे पंजाब के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। परगट सिंह के घर के बाहर समर्थकों की ओर से बधाइयों का दौर जारी रहा और लोगों ने लड्डू बांटकर उनकी नियुक्ति पर खुशी मनाई। परगट सिंह की पत्नी बरिंदर कौर ने कहा कि उनके परिवार के लिए यह दोहरी खुशी का मौका है। उन्होंने कहा कि जब उनके पहले पोते तेग का जन्म हुआ था, उस समय परगट सिंह विधायक बने थे और अब दूसरे पोते के जन्म के साथ उन्हें पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनने की जिम्मेदारी मिली है। उन्होंने कहा कि यह संयोग उनके परिवार के लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है।
बरिंदर कौर ने कहा कि परगट सिंह एक खिलाड़ी रहे हैं और उन्हें चुनौतियों का सामना करना अच्छी तरह आता है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह पंजाब कांग्रेस को मजबूती देने के लिए पूरी मेहनत करेंगे और पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सभी मिलजुलकर काम करेंगे और पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से प्रयास करेंगे।
उन्होंने बताया कि परगट सिंह से उनकी फोन पर करीब पांच मिनट बातचीत हुई है और उन्होंने उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर अपनी शुभकामनाएं दी हैं। बरिंदर कौर ने कहा कि पूरा परिवार इस जिम्मेदारी को लेकर बेहद खुश है और उन्हें विश्वास है कि परगट सिंह पंजाब की जनता की आवाज को मजबूती से उठाते हुए पार्टी को नई दिशा देंगे।
