ऊना,सुशील पंडित: इंदिरा स्टेडियम ऊना के समीप ट्रैक्टर के पीछे लगी लैंटर डालने वाली मिक्चर मशीन का पिछला टायर खुलने से उस पर बैठे दो व्यक्ति सड़क पर गिरकर घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हादसा 29 सितंबर को शाम करीब सात बजे इंदिरा स्टेडियम के नजदीक हुआ। करण धीमान निवासी बढ़ेड़ा, तहसील हरोली, जिला ऊना ट्रैक्टर चला रहा था। ट्रैक्टर के पीछे लैंटर डालने वाली मिक्चर मशीन लगी हुई थी। आरोप है कि ट्रैक्टर को तेज रफ्तारी व लापरवाही से चलाने के दौरान मिक्चर मशीन का पिछला टायर खुल गया।
इस दौरान मिक्चर मशीन पर बैठे मिथुन कुमार पुत्र भदय सिंह निवासी रामपुर दुर्गा टीला, डाकघर रामपुर वलुआ टीला, साहिबगंज, झारखंड तथा मिथुन कुमार पुत्र मसूदन निवासी गांव वरारी, जिला भागलपुर, बिहार सड़क पर गिर गए। दोनों को चोटें आने पर निजी वाहन से उपचार के लिए ऊना अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ बीएनएस व मोटर व्हीकल एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।