पंचकूलाः समाज की सुरक्षा में अपने जीवन के स्वर्णिम वर्ष समर्पित करने के बाद आज पुलिस परिवार के 4 कर्तव्यनिष्ठ सदस्य अपनी लंबी और गौरवशाली सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो गए। पुलिस लाइन में आयोजित विदाई समारोह का माहौल बेहद अनूठा रहा, जहां एक तरफ वर्षों की खट्टी-मीठी और मस्ती भरी यादें थीं, तो दूसरी तरफ ढोल-नगाड़ों की गूंजती धुनें। इस गरिमामयी समारोह में ऑनरेरी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार, ईएसआई गुरनाम सिंह, ईएसआई राम सिंह, सफाईकर्मी कान्ता देवी को उनके बेहतरीन कार्यकाल के लिए पूरे सम्मान के साथ विदाई दी गई। विभाग के आला अधिकारियों और साथी कर्मचारियों ने मुस्कान के साथ उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में डीसीपी ने पुलिस सेवा की कठिनाइयों का जिक्र करते हुए कहा कि एक पुलिसकर्मी का जीवन बेहद त्याग भरा होता है। उन्होंने बिना किसी त्योहार या उत्सव की परवाह किए, लगातार खाकी वर्दी का फर्ज निभाने के लिए सभी कर्मियों और विशेष रूप से उनके परिवारों का आभार व्यक्त किया।
डीसीपी ने विश्वास दिलाया कि भले ही वे आज सेवामुक्त हो रहे हैं, लेकिन पंचकूला पुलिस हमेशा एक परिवार की तरह उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने चारों कर्मियों को जीवन की इस दूसरी पारी को खुलकर और जी भर के जीने के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन व डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने भी सभी कर्मचारियों को उनके शानदार सेवाकाल की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस विदाई को यादगार बनाने के लिए पुलिस लाइन के स्टाफ और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में एसीपी सुरेन्द्र सिंह, वेलफेयर इंस्पेक्टर मनसा राम, ईएएसआई रामेश्वरदास और ईएएसआई हरदयाल सिंह ने उपस्थित रहकर अपने पुराने साथियों को विदा किया। इस पूरे गरिमामयी कार्यक्रम का सफल और खूबसूरत मंच संचालन महिला एएसआई शिवानी द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी अनूठी शैली से समारोह में समां बांध दिया।