चंडीगढ़: हरियाणा सरकार प्रदेश को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्यों में स्थापित करने के लिए पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश के नए रास्ते खोलने जा रही है। इसके तहत प्रदेश के चुनिंदा पर्यटन स्थलों और परिसरों को पीपीपी (पब्लिक-प्राईवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
यह बात हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘एसोचैम स्वरा राष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन’ में उपस्थितगण को संबोधित करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में देश में लगभग 428.7 करोड़ घरेलू पर्यटक यात्राएं दर्ज की गईं। इतना बड़ा घरेलू पर्यटन बाजार हरियाणा के लिए व्यापक संभावनाएं लेकर आया है। दिल्ली-एनसीआर के विशाल बाजार से सीधा जुड़ाव, बेहतर सड़क संपर्क और राष्ट्रीय राजधानी के आसपास स्थित प्रमुख पर्यटन एवं विरासत स्थलों के कारण हरियाणा इस बाजार का लाभ उठाने की विशेष स्थिति में है।