चंडीगढ़: पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज बताया कि मुख्यमंत्री स.भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा राज्य के अनुसूचित जाति (एस.सी.) बहुल 3,763 गांवों को ‘आदर्श गांव’ के रूप में विकसित करने के लिए बड़ी पहल की गई है।
डॉ. बलजीत कौर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक विभाग द्वारा इस पहल के तहत राज्य के सभी उपायुक्तों को 201 करोड़ रुपये की राशि जारी कर दी गई है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य ऐसा राज्य बनाना है, जहां विकास की रोशनी हर गांव और हर घर तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि सरकार सामाजिक न्याय, समानता और सर्वांगीण विकास की अवधारणा को व्यवहार में लाते हुए ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए लगातार काम कर रही है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 201 करोड़ रुपये की जारी राशि इस बड़ी विकास योजना का पहला चरण है।