चंडीगढ़: पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने आज पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय (ई.डी.) द्वारा की गई छापेमारी की कड़ी निंदा की और जिस तरीके से एजेंसी ने लुधियाना जिले के साहनेवाल में मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां के भतीजे के घर की तलाशी ली, उस पर सवाल उठाए।
हरभजन सिंह ई.टी.ओ. ने कहा कि जांच एजेंसियों को कानून के अनुसार जांच करने का कानूनी अधिकार है, लेकिन उनकी कार्रवाइयां निर्वाचित प्रतिनिधियों या उनके परिवारों पर राजनीतिक दबाव बनाने का साधन नहीं बननी चाहिए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि परिवार के सदस्यों को राजनीतिक मामलों में घसीटने का प्रयास पूरी तरह आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि स. मुंडियां के परिवार के सदस्यों से उन्हें आम आदमी पार्टी छोड़ने का संदेश पहुंचाने के लिए कहे जाने के आरोप जांच के तरीके पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
मंत्री ने आगे आरोप लगाया कि ई.डी. की कार्रवाई के समय और तरीके ने गंभीर राजनीतिक सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि गमाडा और अन्य स्थानों पर ई.डी. की तलाशी के साथ-साथ मंत्री के भतीजे के घर की तलाशी ने व्यापक चिंता पैदा की है।
उन्होंने कहा कि ई.डी. द्वारा पंजाब राज्य के अधिकारियों को गैर-कानूनी रूप से हिरासत में रखना और उन पर दबाव डालना भी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।