लुधियानाः जिले के न्यू चंद्र नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां, बच्चों को दुकान पर सामान दिलाने आई 12 साल की बच्ची सोनम अपने 4 साल के भाई कार्तिक और 4 महीने के मासूम आर्यन को लेकर घर के पास की दुकान पर सामान लेने आई थी।
एक दुकान बंद होने के कारण सोनम जब दूसरी दुकान की तरफ देख रही थी तभी वहां एक आदमी और एक औरत आए। उन्होंने बच्चे से चालाकी से कहा कि आलोक भैया लड़का बुला रहे हैं, हमें दे दो इसके बाद उन्होंने झटके से बच्चे को कारण के हाथ से छीना और भाग गए। सोनम ने उनका आगे तक पीछा किया, लेकिन वे आगे गलियों में जाकर गायब हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार बच्चा चुराने वालों में एक आदमी था, जिसकी उम्र करीब 25-26 साल थी। उसके साथ एक औरत भी थी, जिसकी उम्र करीब 30 साल के आसपास बताई जा रही है।
पिता आलोक ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि घटना के वक्त घर में ऊपर थे, जब नीचे शोर मचा तो वे भागकर आए। आलोक मूल रूप से अयोध्या के रहने वाले हैं और पिछले 2 साल से लुधियाना (न्यू चंद्र नगर) में रहकर पत्थर का काम (मजदूरी) करते हैं। उनकी पत्नी की तबीयत खराब रहती है और उनका इलाज चल रहा है, इसी वजह से बच्चों को संभालने के लिए भांजी सोनम जालंधर रहती उनके पास आई हुई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। एसएचओ हैबोवाल जसबीर सिंह का कहना है कि अभी आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पूरी जांच होने के बाद पुलिस टीम इस मामले में आगे की पुख्ता जानकारी देगी।