ऊना,सुशील पंडित: स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऊना की छात्रा बारिका ने धमांदरी में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-14 छात्रा खेल प्रतियोगिता की कुश्ती स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 42 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। बारिका ने प्रतियोगिता के दौरान बेहतरीन तकनीक, आत्मविश्वास और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए अपने मुकाबले जीते। उसकी इस उपलब्धि के आधार पर उसका चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
बारिका की इस सफलता से स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन ने उसकी उपलब्धि को कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासन का परिणाम बताया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने बारिका को स्वर्ण पदक जीतने और राज्य स्तर के लिए चयनित होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए भी बेहतर अवसर और प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जा रहा है।
उन्होंने बारिका की सफलता में विद्यालय के खेल शिक्षकों संजू कुमारी, आंचल और रेणुका के मार्गदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी की मेहनत और प्रशिक्षकों के निरंतर मार्गदर्शन से यह उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित बारिका को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह आगामी प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करेगी।