अमृतसरः कमिश्नरेट पुलिस को एंटी-सोशल एलिमेंट्स और हथियारों की तस्करी करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दौरान 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 पिस्टल और विभिन्न बोर के करीब 23 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर हरमिंदर सिंह गिल ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की उम्र 24 से 26 साल के बीच है, जबकि दो आरोपी 33 से 34 साल के हैं। पुलिस कमिश्नर के अनुसार विभिन्न पुलिस टीमों के समन्वय से यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस की इस कार्रवाई से आने वाले समय में कई संभावित वारदातों को रोकने में मदद मिली है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि बरामद किए गए सभी हथियार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मंगवाए गए थे और पाकिस्तान मेड हैं। उनके अनुसार गिरफ्तार किए गए लोग किसी एक मशहूर गैंग से संबंधित नहीं थे, बल्कि विभिन्न समूहों के बीच रंजिश चल रही थी। इनकी आपसी दुश्मनी इलाके में दबदबे, नशे के कारोबार और डंडा-सट्टा समेत अन्य गतिविधियों को लेकर थी। पुलिस के अनुसार 6 लोग हथियार मंगवा कर आगे महंगे भाव पर बेचने की कोशिश में थे, जबकि दो लोग आपसी गुटबाजी के कारण एक-दूसरे को नुकसान पहुंचाने की तैयारी में थे।
पुलिस ने कहा कि गिरफ्तारियों के बाद और भी अहम लीड्स मिली हैं और इस मामले में और गिरफ्तारियां और बरामदगियां होने की संभावना है। डंडा-सट्टा रैकेट के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसके साथ ही पुलिस कमिश्नर ने बताया कि इनके द्वारा अन्य जिलों में संभावित वारदातों की जानकारी संबंधित अधिकारियों के साथ साझा की गई है, ताकि वहां भी सावधानी बरती जा सके। वहीं एएसआई हरजीत सिंह हत्या मामले और पुलिस मुलाजिमों की सुरक्षा संबंधी पूछे सवाल पर पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पंजाब पुलिस द्वारा जारी की गई क्लैरिफिकेशन में स्थिति स्पष्ट कर दी गई है।
उन्होंने वायरल हो रही ऑडियो को भी अप्रमाणित बताया और कहा कि लोग ऐसी जानकारी पर विश्वास न करें। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि पुलिस को लगातार विभिन्न तरह के खतरे संबंधी इनपुट मिलते रहते हैं और पुलिस इन सभी चुनौतियों से निपटने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कैंट, बीएसएफ और एयरफोर्स इलाकों के आसपास की सुरक्षा भी पुलिस की जिम्मेदारी का हिस्सा है और सभी इनपुट्स पर काम किया जा रहा है। इस दौरान हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेटों के बिना वाहनों को पेट्रोल-डीजल न देने के आदेशों के बारे में भी पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि यह आदेश अमृतसर कमिश्नरेट की सीमा के अंदर लागू होगा। उनके मुताबिक नोटिफिकेशन पहले ही जारी किया जा चुका है और पेट्रोल पंपों पर 3×3 फुट के बोर्ड लगाने के लिए कहा गया है।
उन्होंने बताया कि कुछ पेट्रोल पंपों ने बोर्ड भी लगाए हैं। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि यह फैसला खास तौर पर दोपहर वाहनों का इस्तेमाल कर होने वाली स्नेचिंग और अन्य अपराधिक वारदातों को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह आदेश सिर्फ शहरी क्षेत्र के नहीं, बल्कि पूरे अमृतसर कमिश्नरेट की सीमा में आने वाले पेट्रोल पंपों पर लागू होंगे। इसके अलावा पुलिस कमिश्नर ने बताया कि एक और मामले में पुलिस को फरार आरोपी की पूरी पहचान है और उसे ट्रैक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आरोपी चाहे आज पकड़ा जाए या कल, पुलिस उसे गिरफ्तार कर लेगी।