ऊना,सुशील पंडित: कोटला कलां के वार्ड नंबर-5 में पिछले करीब एक महीने से घरों से कूड़ा न उठाए जाने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से परेशान कृष्णा नगर सहित वार्ड-5 के निवासियों ने नगर निगम आयुक्त पृथी पाल सिंह को ज्ञापन सौंपकर जल्द कूड़ा उठाने की व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि जब तक कोटला कलां क्षेत्र पंचायत के अधीन था, तब तक घरों से कूड़ा उठाने की उचित व्यवस्था की गई थी और नियमित रूप से घर-घर से कूड़ा उठाया जा रहा था। लेकिन जैसे ही गांव को नगर निगम में शामिल किया गया, कूड़ा उठाने की व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। पिछले करीब एक महीने से घरों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है, जिसके चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लोगों ने कहा कि लंबे समय से कूड़ा न उठाए जाने के कारण घरों में कूड़ा जमा हो रहा है। यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो गांव के विभिन्न स्थानों, रास्तों और नालों के किनारे दोबारा गंदगी के ढेर लगने शुरू हो जाएंगे। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ-साथ क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित होगी।
निवासियों ने कहा कि सरकार और प्रशासन की ओर से स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन नियमित कूड़ा उठाने की व्यवस्था नहीं होने से इन अभियानों पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने नगर निगम आयुक्त से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर स्थायी समाधान करवाने की अपील की।
इस पर नगर निगम आयुक्त ऊना पृथी पाल सिंह ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोटला कलां वार्ड में कूड़ा उठाने के लिए गाड़ी का इंतजाम कर दिया जाएगा, ताकि लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।
नगर निगम आयुक्त के आश्वासन के बाद वार्डवासियों ने भरोसा जताया कि जल्द ही कूड़ा उठाने की व्यवस्था सुचारू हो जाएगी और क्षेत्र को गंदगी की समस्या से राहत मिलेगी।