लुधियानाः जिले के न्यू चंदर नगर की नाले वाली रोड पर लूट की वारदात सामने आई है। जहां, बताया जा रहा है कि 2 दिन पहले रात करीब 1 बजे दो राहगीर हाथ में खाने का सामान लेकर जा रहे थे। इसी दौरान 3 बाइकों पर सवार 9 बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
बदमाशों के हाथों में तलवारें देखकर एक युवक डर गया और अपनी जान बचाने के लिए वहां से भागने लगा। इस दौरान एक बदमाश तलवार लेकर उसके पीछे दौड़ पड़ा। वहीं, दूसरे व्यक्ति को बाकी बदमाशों ने घेर लिया।
मोबाइल और नकदी छीनी
बदमाशों ने तलवारों के बल पर दूसरे व्यक्ति की तलाशी ली। इसके बाद उसकी जेब से मोबाइल फोन और नकदी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV फुटेज में दिखे 9 बदमाश
इलाका निवासी एडवोकेट सुमित जैसवाल ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि रात के समय मोहल्ले में बदमाशों ने काफी हंगामा किया था। इसके बाद उन्होंने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की। फुटेज में 3 बाइकों पर सवार 9 बदमाश दिखाई दिए, जो दो राहगीरों को तलवारों के बल पर घेरते नजर आ रहे हैं।
जांच में जुटी पुलिस टीम
पुलिस चौकी जगतपुरी के इंचार्ज सुखजिंदर सिंह ने बताया कि अभी तक कोई शिकायतकर्ता सामने नहीं आया है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर पर CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।