आरोपियों से होंडा सिटी कार व अवैध हथियार बरामद
चंडीगढ़: मनीमाजरा में गन पॉइंट पर होंडा सिटी कार लूटने के मामले को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई होंडा सिटी कार के अलावा चाकू, खिलौना पिस्तौल और देसी कट्टा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना 10 सितंबर की रात करीब 12:48 बजे पीसीआर के माध्यम से मिली थी। शिकायतकर्ता पुलकित शर्मा निवासी राजीव विहार सोसायटी, मनीमाजरा ने बताया कि वह पंचकूला से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 12:30 बजे सोसायटी के मुख्य गेट से लगभग 50 मीटर पीछे वह डिलीवरी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक गलत दिशा से आए और उनकी कार के आगे मोटरसाइकिल रोक दी। इसके बाद एक्टिवा पर सवार दो युवक भी मौके पर पहुंच गए।
आरोपियों में से एक ने शिकायतकर्ता की गर्दन पर चाकू लगा दिया, जबकि दूसरे ने पिस्तौलनुमा हथियार दिखाकर धमकाया। एक आरोपी ने जबरन उनकी जेब से कार की चाबी निकाली और होंडा सिटी कार नंबर CH01CT-5700 लेकर फरार हो गया। वारदात में करीब पांच से छह युवकों के शामिल होने की बात सामने आई।
मनीमाजरा थाना पुलिस ने इस संबंध में एफआईआर नंबर 85, दिनांक 10 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 310(2), 311 और आर्म्स एक्ट की धाराओं 25/54/59 के तहत मामला दर्ज किया।
पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों कृष (19), सौरभ और संजू (24) को यूनिवर्सिटी से सेक्टर-25 की ओर जाने वाली सड़क पर लूटी गई कार में घूमते हुए गिरफ्तार किया। संजू का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है और वह पंचकूला पुलिस द्वारा वर्ष 2018 में चोरी तथा आर्म्स एक्ट के दो मामलों में गिरफ्तार हो चुका है।