ऊना,सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में आयोजित दो दिवसीय टैलेंट हंट कार्यक्रम “दर्पण” का आज हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ समापन हुआ। कार्यक्रम के दूसरे दिन विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें एकल गान, समूह गान, एकल नृत्य एवं समूह नृत्य प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रेखा शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि “दर्पण” जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का विकास करते हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। दो दिनों के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अंतर-महाविद्यालय ग्रुप-I प्रतियोगिता में महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का शुभ अवसर प्राप्त होगा। यह प्रतियोगिता राजकीय महाविद्यालय कोटशेरा, शिमला में आयोजित की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन ने चयनित विद्यार्थियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के संयोजक प्रो. नंद लाल ने समापन अवसर पर मुख्य अतिथि, प्राचार्या, निर्णायक मंडल, आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों तथा सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और शिक्षकों के सहयोग से “दर्पण” कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। उन्होंने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
“दर्पण” के सफल आयोजन एवं समापन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता को एक नई पहचान प्रदान की।