लुधियानाः गुरु अमरदास कॉलोनी में स्कूल से अपने बच्चों को पैदल घर ला रही एक महिला से सरेआम चेन लूट ली गई। इस पूरी वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आ गया है जिसमें लुटेरे की करतूत साफ नजर आ रही है। सामने आई सीसीटीवी फुटेज के मुताबिक, यह घटना 26 अगस्त की दोपहर 2 बजकर अढाई मिनट की है। महिला स्कूल की छुट्टी होने के बाद अपने बच्चों को पैदल ही घर ला रही थी। महिला ने एक छोटे बच्चे को अपनी गोद में उठाया हुआ था। जब वह अपनी गली से गुजर रही थी तभी एक काली बाइक पर सवार युवक वहां आता है।
View this post on Instagram
बदमाश ने अपनी पहचान छिपाने के लिए सिर पर टोपी पहनी हुई थी और मुंह को रूमाल से ढका हुआ था। वीडियो में देखा जा सकता है कि वह महिला के पास बाइक रोकता है और उससे कुछ पूछने का नाटक करता है। जैसे ही महिला उसे जवाब देने लगती है लुटेरा अचानक झपट्टा मारता है और महिला के गले से चेन खींच लेता है। इसके बाद वह तेजी से बाइक भगाकर वहां से फरार हो जाता है।
चेन छीनते ही महिला घबरा जाती है और जोर-जोर से चिल्लाने लगती है। वह बच्चे को गोद में लिए हुए ही उस बदमाश को पकड़ने के लिए उसके पीछे भी भागती है लेकिन बाइक सवार लुटेरा कुछ ही सेकंड में आंखों से ओझल हो जाता है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद से कॉलोनी के लोगों में दहशत का माहौल है और पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने व जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की जा रही है।