लुधियानाः सीड़ा गांव में शराब की दुकान पर पैसे के लेन-देन को लेकर एक विवाद सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। आपको बता दें कि लुधियाना के राहों रोड पर सीड़ा गांव में देर रात शराब की दुकान पर कैश में पैसे देने को लेकर विवाद हुआ था। जिसमें एक व्यक्ति के अनुसार उसने गूगल-पे के जरिए शराब की दुकान पर पेमेंट किया था और ठेकेदार कह रहा था कि यह पेमेंट कैश में किया जाए, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि व्यक्ति की पिटाई कर दी गई, जिसके बाद व्यक्ति को पास के खेत में फेंक दिया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि ठेके पर कारिंदे साहिल ने उसके साथ मारपीट की है।
सुबह राहगीरों ने व्यक्ति को देखा और उसके परिवार को बताया, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए लुधियाना के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां उसकी बहनों ने पूरी घटना बताई और पुलिस से न्याय की मांग की। वहीं मेहरवाल थाने की पुलिस भी वहां पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएसआई राजीव कुमार ने मामले की जानकारी देते बताया कि कंट्रोल रूम से फोन आया था, मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति को अस्पताल में पहुंचाया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने कहा कि पीड़ित के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।