लुधियानाः डीएमसी अस्पताल के सामने भारी हंगामा देखने को मिला। जहां एंबुलेंस के आगे ऑडी गाड़ी लगाकर रोक दी। इस दौरान दोनों वाहनों की टक्कर होने पर हंगामा हो गया। जहां कार चालक पर एंबुलेंस चालक का रास्ता रोकने के बाद चालक से चाबी छीनने के आरोप लगे। इस घटना के दौरान एबुलेंस में मरीज मौजूद था बताया जा रहा हैकि चाबी निकलने के बाद एंबुलेंस का इंजन और एसी बंद हो गया। गर्मी और घुटन के कारण अंदर मौजूद मरीज की तबीयत बिगड़ने लगी। इस दौरान काफी परेशान हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना 8 की पुलिस ने मामला शांत करवाया।
इस घटना को लेकर थाना डिवीजन नंबर-8 की पुलिस ने एक डॉक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। दोषी की पहचान हरमन सोबती पुत्र मनोज कुमार सोबती के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस को दी गई शिकायत में मलोट के अर्शदीप सिंह पुत्र बिंदर सिंह ने बताया कि 22 अगस्त को वह अपने अस्पताल की एंबुलेंस में मरीज माया देवी (पत्नी विष्णु) को उनके घर छोड़ने जा रहे थे। इस दौरान उनके साथ सहायक जगदीप सिंह भी मौजूद थे। अर्शदीप के अनुसार, जब वे डीएमसी अस्पताल के सामने पहुंचे, तो ऑडी कार सवार आरोपी हरमन सोबती ने एंबुलेंस के आगे अचानक अपनी कार रोक दी, जिससे एंबुलेंस पीछे से कार से हल्की टकरा गई।
इसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज की और एंबुलेंस की चाबी निकाल ली। चाबी निकलने के कारण एंबुलेंस का एसी बंद हो गया, जिससे उसमें मौजूद मरीज माया देवी घबरा गईं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी स्वयं पेशे से डॉक्टर है और मरीज की गंभीर स्थिति के बारे में जानकारी होने के बावजूद उसने न केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि मरीज की जान भी जोखिम में डाली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।