गुरुग्रामः गुरुग्राम के सेक्टर-14 मार्केट में देर रात बर्गर किंग रेस्टोरेंट में अचानक एसी का कंप्रेसर फट जाने का मामला सामने आया है। ब्लास्ट की आवाज सुनते ही आसपास में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमाके के कारण रेस्टोरेंट में लगे भारी-भरकम शीशे पल भर में चकनाचूर हो गए और चारों तरफ कांच के टुकड़े बिखर गए।
इस पूरे हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। आमतौर पर कॉमर्शियल जगहों पर मेंटेनेंस स्टाफ का बैकयार्ड या छतों पर आना-जाना लगा रहता है, लेकिन इस घटना के ठीक पहले वहां कोई नहीं था। रेस्टोरेंट के अंदर बैठे ग्राहक और काउंटर पर मौजूद स्टाफ भी इस धमाके की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
बर्गर किंग के अंदर बैठे लोग अपना खाना-पीना छोड़कर मुख्य दरवाजे की तरफ भागे। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और रेस्टोरेंट प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की राइडर और भीमनगर फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड टीम और पुलिस ने फौरन स्थिति को नियंत्रण में लेते एहतियात के तौर पर रेस्टोरेंट के आसपास के पूरे हिस्से से लोगों को दूर किया। फिलहाल इसके असली तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है।

