रोहतकः रोहतक कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने 1984 के सिख विरोधी दंगे से जुड़े मामले में कांग्रेस नेता सज्जन कुमार को लेकर दिए कथित बयान पर विवाद के बाद सफाई दी है। सोशल मीडिया पर सामने आए उनके बयान के अनुसार हुड्डा ने कहा कि उन्होंने कभी सज्जन कुमार को ‘रोल मॉडल’ नहीं बताया।
मेरे मुंह में इस तरह के शब्द डाले जा रहे है। मेरी कभी ऐसी भावना नहीं रही कि किसी को ठेस पहुंचे। सिख समाज का हमेशा हमने साथ दिया है। सिख समाज के साथ हमारे परिवार का भाईचारा है। हर संघर्ष में हमने एक-दूसरे के साथ दिया है। मेरे दादा-पड़दादा 1908 में पगड़ी संभाल जट्टा आंदोलन में शहीद भगत सिंह जी के चाचा अजीत सिंह के साथ हमारे इलाके से चौधरी माथूराम को काले पानी की सजा हुई थी, सभी को पता है।
हुड्डा ने कहा कि 1984 के दंगों के लिए जिन लोगों पर आरोप लगे हैं, उनके खिलाफ कानून के मुताबिक सजा होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दंगों के आरोपियों को किसी भी तरह से संरक्षण देने की बात नहीं कही गई है। सज्जन कुमार को लेकर दीपेंद्र हुड्डा की टिप्पणी सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई थी। इसके बाद उन्होंने अपने बयान को लेकर स्पष्टीकरण देते कहा कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया।

