उज्जैनः सावन के तीसरे सोमवार पर उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे है। इस दौरान साल में सिर्फ एक बार खुलने वाले नागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। इसी दौरान मंदिर परिसर के पास हरसिद्धि मंदिर के सामने बैरिकेडिंग वाले इलाके में भीड़ का दबाव इतना बढ़ गया, जिससे भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए।
View this post on Instagram
भीड़ का दबाव बढ़ने के बाद कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई। कुछ लोगों के गिरने और बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक अब तक करीब 5.50 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। नागचंद्रेश्वर मंदिर के कपाट साल में सिर्फ एक बार खुलते हैं, इसलिए यहां दर्शन के लिए श्रद्धालु उज्जैन पहुंचते हैं।
घायलों में हिंदू बाई निवासी ढांचा भवन उज्जैन, सागर पुत्र मनीष, लक्ष्मीबाई निवासी ढांचा भवन उज्जैन, अनसूया व उसकी मां ममता दोनों निवासी गंजबासौदा, हरिश्चंद्र निवासी ग्राम सिलवासा, वापी गुजरात, सोनम उम्र 18 वर्ष निवासी ग्वालियर, सुजीत कुमार निवासी दरभंगा बिहार, खुशी निवासी ग्वालियर तथा तुलसी व उसकी मां रेखा बाई दोनों निवासी वलसाड गुजरात शामिल हैं।

