अहमदाबादः गुजरात के भरूच जिले में विजन प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के प्लांट में अचानक एक धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग भड़क उठी। ये विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज करीब 7 किलोमीटर दूर तक के इलाके में सुनाई दी, जिससे आस-पास के क्षेत्रों में भारी दहशत फैल गई।
शुरुआती जानकारी और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंपनी परिसर में रखे सॉल्वेंट के ड्रमों में किसी अज्ञात कारण से ब्लास्ट हुआ था। इस धमाके ने देखते ही देखते बेहद विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा प्लांट आग की लपटों में घिर गया। आसमान में दूर-दूर तक काले धुएं के विशाल गुबार उठते दिखाई दिए।
घटना की गंभीरता को देखते स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को तुरंत सूचित किया गया। सूचना मिलते ही दहेज और उसके आसपास के इलाकों से 7 से अधिक दमकल की गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों द्वारा आग पर पूरी तरह से काबू पाने के लिए पानी और स्पेशल फोम का लगातार छिड़काव किया जा रहा है।
हादसे की जानकारी मिलते ही औद्योगिक सुरक्षा और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल ने कंपनी के आसपास के पूरे इलाके को घेरकर सील कर दिया है, ताकि बची हुई राहत और बचाव कार्य में कोई अड़चन न आए।
इस हादसे में अभी तक किसी के भी हताहत होने या जानहानि की कोई सूचना नहीं मिली है, जो एक बड़ी राहत की बात है। आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान के सटीक आंकड़ों का पता आग पूरी तरह से बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही चल पाएगा।

