सहारनपुर: स्वतंत्रता दिवस पर सहारनपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना सरसावा इलाके में देहरादून-अंबाला रोड पर एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए दूसरी दिशा से आ रही कार से जा टकराई। इस हादसे में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी 48 वर्षीय परमिंदर सिंह और उनके ड्राइवर 46 वर्षीय रवि शंकर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दुर्घटना में 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। वह कार में अपने ड्राइवर रवि शंकर और एक अन्य जवान के साथ सवार थे।
सरसावा क्षेत्र में देहरादून-अंबाला रोड पर अचानक उनका वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद कार डिवाइडर को पार करते हुए सड़क की दूसरी दिशा में पहुंच गई और सामने से आ रही कार से टकरा गई। वहीं जयराम और दूसरी गाड़ी में सवार देवेंद्र कौर और गुरनायक निवासी करनाल को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
जिलाधिकारी अरविंद चौहान और वरिष्ठ एसएसपी अभिनंदन ने अस्पताल पहुंचकर दुर्घटना में घायल लोगों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य और उपचार की स्थिति के संबंध में जानकारी ली। एसएसपी अभिनंदन ने बताया कि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल पर आवश्यक जांच की जा रही है। दुर्घटना कैसे हुई और वाहन किस वजह से अनियंत्रित हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वरिष्ठ ITBP अधिकारी की हादसे में मौत की खबर से पुलिस-प्रशासन और सुरक्षा बलों में शोक की लहर है। हादसे ने एक बार फिर देहरादून-अंबाला रोड पर सड़क सुरक्षा और वाहनों की गति तथा नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए है।

