मंडुआडीहः वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित ट्रायम्फ (TRIUMPH) बाइक शोरूम में देर रात चोरी की घटना सामने आई। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज देखकर चोर की हरकत देख हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, चोर कटर से कांच का दरवाजा काटकर अंदर दाखिल हो गया। जिसके बाद उसने करीब साढ़े 4 घंटे तक शोरूम के अंदर रुककर कॉफी पी, वॉशरूम में नहाया। नहाने के बाद उसने अपने गीले कपड़े बाइक पर सुखाने के लिए फैला दिए। इसके बाद उसने नई बाइक के कवर को फाड़कर लुंगी की तरह लपेटा, कंप्यूटर पर गाने बजाए और लंबे समय तक लुंगी डांस करता रहा। जाने से पहले उसने एजेंसी की ब्रांडेड टी-शर्ट व कैप पहनी और एक नया कवर उठाया। अंत में मैनेजर की करीब 4.71 लाख रुपये मूल्य की ब्रांड न्यू केटीएम एडवेंचर 390 एस बाइक लेकर फरार हो गया।
घटना की शिकायत पुलिस को दे दी गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट्स की मदद से चोर की तलाश शुरू कर दी है। एजेंसी मैनेजर रोहित कुमार सिंह के मुताबिक, रात करीब 10 बजे एजेंसी बंद कर हम और स्टाफ घर चले गए। पीड़ित ने कहा कि उसने अपनी केटीएम बाइक एजेंसी में ही खड़ी कर गया था। चाबी उसमें लगी रह गई थी। इसे उसने 3 महीने पहले ही खरीदा था। इस दौरान आरोपी अंदर जाकर लेट गया और उसने एक नींद भी पूरी की।
चोरी करने के बाद उसने पहले टूटे हुए शीशे से बाइक निकालने की कोशिश की, लेकिन जगह कम होने के चलते पूरा शीशा ही तोड़ दिया। करीब 4 बजे वह बाइक लेकर फरार हो गया। बाइक की ऑन-रोड कीमत करीब 4 लाख 71 हजार रुपए बताई जा रही है। मैनेजर ने बताया, सुबह 5 बजे मेरे गार्ड का फोन आया की शोरूम का मेन दरवाजा टूटा हुआ है। इस पर मैं तुरंत ही एजेंसी पहुंचा। मेन गेट का एक हिस्सा नीचे से कटा हुआ था। दूसरा हिस्सा टूटा हुआ था। उसका कांच शोरूम के अंदर और बाहर फैला हुआ था।