पठानकोटः कर्नाटक से आए व्यापारी की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने मामले बारे जानकारी देते हुए बताया कि ऑटो चालक ने पहले व्यापारी को अपने भरोसे में लिया और फिर उसे शराब पिलाने के बाद उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने शव को नहर में फेंक दिया। इतना ही नहीं, मृतक के मोबाइल फोन से करीब 95 हजार रुपये गूगल पे के जरिए अपने और अपने एक रिश्तेदार के खाते में ट्रांसफर कर लिए।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि नहर से बरामद शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद उसके परिवार के हवाले कर दिया है फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
बतादें कि ये मामला पठानकोट से जुड़ा है, जहां कर्नाटक का रहने वाला व्यापारी काम के सिलसिले में पहुंचा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक ऑटो चालक से हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले व्यापारी का विश्वास हासिल किया और बाद में उसे अपने साथ ले गया आरोप है कि ऑटो चालक ने व्यापारी को शराब पिलाई और इसके बाद उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने के इरादे से शव को नहर में फेंक दिया गया। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के मोबाइल फोन से पैसों के लेन-देन की जानकारी मिली।
वहीं, पुलिस द्वारा नहर में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान व्यापारी का शव बरामद कर लिया गया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिवार को सौंप दिया। फिलहाल अगली करवाई पुलिस की ओर से की जा रही है।