ऊना सुशील पंडित : जिला ऊना ने स्वास्थ्य सेवाओं एवं स्वच्छता के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस वर्ष प्रदेश स्तरीय कायाकल्प अवार्ड में जिला ऊना के 81 चिकित्सा संस्थानों को सम्मानित किया गया है। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि कायाकल्प पुरस्कार स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्थाओं तथा मरीजों को प्रदान की जाने वाली सेवाओं के मूल्यांकन के आधार पर प्रदान किए जाते हैं। इस वर्ष पुरस्कारों के लिए राज्य स्तरीय टीम द्वारा फरवरी एवं मार्च माह में विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का बाह्य मूल्यांकन (एक्सटर्नल असेसमेंट) किया गया था।
उन्होंने बताया कि इस पुरस्कार के लिए चिकित्सा संस्थानों को चार वर्गों में बांटा गया था। वर्ग एक में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना को दूसरी बार यह पुरस्कार मिला है, जिसके तहत 3 लाख रूपये की राशि प्रदान की गई है। जबकि वर्ग 2 में राज्य के 23 चिकित्सा संस्थानों को चयनित किया गया है, जिसमें 9 चिकित्सा संस्थान केवल ज़िला ़ऊना के शामिल हैं। इस वर्ग में सिविल अस्पताल बंगाणा राज्य में तीसरे स्थान पर रहा, जिसे 3 लाख रूपये की धनराशि प्रदान की गई। जबकि अन्य 8 विजेताआंे में सिविल अस्पताल हरोली, अम्ब व चिंतपूर्णी, सीएचसी धुसाड़ा, दुलैहड़, बसदेहड़ा, थानाकलां व संतोषगढ़ शामिल रहे, जिन्हें 1-1 लाख रूपये पुरस्कार स्वरूप प्राप्त हुए।
इसी तरह वर्ग 3 में 20 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जिला ऊना के चयनित हुए हैं, जिनमें पीएचसी पालकवाह ने प्रथम पुरस्कार दो लाख रूपये हासिल किया जबकि अन्य 19 प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, जिनमें रायपुर मैदान, बाथडी, खड्डु, बढेडा, कांगड़, पंजावर, बढेड़ा राजपूता, अमलेहड़, लठियाणी, सोहारी टकोली, अकरोट, चक्कसराये, चुरुड़ू, धर्मशाला महंता, शिवपुर मुबारिकपुर, बसाल, बसोली, कुठार बीत, चलोला और देहलां को 50-50 हजार रूपये की राशि पुरस्कार स्वरुप प्राप्त हुई। वर्ग-4 के अंतर्गत जिला ऊना के 51 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने कायाकल्प अवार्ड प्राप्त किया जिनमें आयुष्मान आरोग्य मंदिर जनकौर ने प्रदेश में प्रथम पुरस्कार एक लाख रूपये आयुष्मान आरोग्य मंदिर ब्रह्मैत ने प्रथम रनर अप व आयुष्मान आरोग्य मंदिर पोलियां पुरोहितां ने द्वितीय रनर अप का खिताब हासिल किया। इन्हें क्रमशः 50 हजार व 35 हजार रूपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त बाकि 48 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने 25-25 हजार रुपए की राशि पुरस्कार स्वरुप प्राप्त की।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिला ऊना के 81 स्वास्थ्य संस्थानों का इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए चयन होना जिले के स्वास्थ्य विभाग की उत्कृष्ट कार्यशैली, समर्पण तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
इस उपलब्धि पर डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजय मनकोटिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह, जिला कंसलटेंट डॉ. रमन सन्दल, सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सा अधिकारी वर्ग, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, कर्मचारियों तथा समस्त स्वास्थ्य विभाग के सहयोगी परिवार को हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान जिला ऊना के समस्त चिकित्सा परिवार की सच्ची सेवा भावना, कर्तव्यनिष्ठा और टीमवर्क का परिणाम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी स्वास्थ्य विभाग इसी समर्पण के साथ कार्य करते हुए जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराता रहेगा।
