ऊना/ सुशील पंडित : कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो की अगुवाई में कुटलैहड़ के भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्षों के कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महादेव मंदिर कोटला कलां में विशेष हवन, पूजन एवं जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवाओं तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रधान मंत्री के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों को सराहा। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान शिव की पूजा-अर्चना तथा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन यज्ञ से हुई। इस दौरान देश की सुख-समृद्धि, प्रदेश के विकास और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की गई।
पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की वैश्विक पहचान मजबूत हुई है और हर वर्ग के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रधान मंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध करवाए गए हैं। उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को धुएं से राहत दिलाने के लिए गैस कनेक्शन दिए गए। आयुष्मान भारत योजना के जरिए गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से किसानों के खातों में सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई जा रही है।
वहीं जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक नल से जल पहुंचाने का कार्य तेजी से हुआ है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर में स्वच्छता को जन आंदोलन बनाया, जबकि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना ने युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य किया। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के कारण आज गांव-गांव तक तकनीक पहुंची है और सरकारी सेवाओं में पारदर्शिता आई है। उन्होंने कहा कि आत्म निर्भर भारत अभियान के माध्यम से देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर कुटलैहड़ भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ डेरा बाबा रूद्रानंद मंडल की महिला मोर्चा की अध्यक्षा सुषमा ठाकुर एवं अन्य भाजपा पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला मोर्चा सदस्य, युवा मोर्चा कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
