ऊना /सुशील पंडित : कुटलैहड़ क्षेत्र स्थित 10 मेगावाट सौर परियोजना में कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडली डिस्पेंसरी में कार्यरत डॉ. पल्लवी शर्मा ने परियोजना के सभी कर्मचारियों को योग का अभ्यास करवाया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। योग सत्र में परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने लगभग 20 मिनट तक विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। डॉ. पल्लवी शर्मा ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने और सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन कुछ समय योग और प्राणायाम के लिए निकालकर व्यक्ति अनेक बीमारियों से बच सकता है तथा अपने शरीर और मन को स्वस्थ रख सकता है। डॉ. शर्मा ने भविष्य में भी इस प्रकार के योग सत्र आयोजित करने के लिए सभी को प्रेरित किया और योग को नियमित रूप से अपनाने का आह्वान किया। सौर परियोजना के प्रबंधक श्री देवराज सांखला ने डॉ. पल्लवी शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन के लिए किसी गुणकारी औषधि से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में कम से कम 30 से 40 मिनट योग के लिए अवश्य निकालने चाहिए। नियमित योगा भ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि परियोजना प्रबंधन कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। कर्मचारियों ने भी योग सत्र को उपयोगी बताते हुए इसे नियमित रूप से जारी रखने की इच्छा व्यक्त की। कार्यक्रम में चायपान का आयोजन किया गया, जहां सभी कर्मचारियों ने आपसी संवाद के साथ कार्यक्रम की सराहना की। इस अवसर पर परियोजना प्रबंधन की ओर से डॉ. पल्लवी शर्मा का विशेष धन्यवाद किया गया। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवन और नियमित योगाभ्यास का संकल्प लिया।
