ऊना/ सुशील पंडित : कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो से ग्राम पंचायत लमलैहड़ी के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पूर्व प्रधान धरम जीत, पूर्व उपप्रधान मदन लाल, नव निर्वाचित वार्ड पंच, डेरा बाबा रूद्रानंद से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ता, मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष अजू राणा सहित बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे। भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने सभी प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने पंचायत चुनावों में निर्वाचित हुए प्रतिनिधियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने उन्हें अपने क्षेत्र की सेवा और विकास के लिए चुना है।
ऐसे में सभी जनप्रतिनिधियों को बिना किसी भेदभाव के पंचायत के प्रत्येक व्यक्ति और परिवार की समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करना चाहिए। भाजपा नेता भुट्टो ने कहा कि पंचायत स्तर पर विकास की अपार संभावनाएं हैं और यदि जनप्रतिनिधि स्थानीय लोग एकजुट होकर कार्य करें तो क्षेत्र में विकास की नई इबारत लिखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर वह हमेशा लोगों के साथ खड़े रहेंगे। इस अवसर पर पूर्व प्रधान धरमजीत और पूर्व उपप्रधान मदन लाल ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी लोग मिलकर कार्य करेंगे तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
नव निर्वाचित वार्ड पंचों ने भी पंचायत के विभिन्न विकासात्मक मुद्दों को पूर्व विधायक के समक्ष रखा और क्षेत्र की आवश्यकताओं से अवगत करवाया। मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष अजू राणा ने कहा कि युवा वर्ग क्षेत्र के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी से सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और अंत में सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के विकास और जनसेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष राजेंद्र मलांगड़ सूरम सिंह अभय राणा सतीश धीमान सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
