सरयूः अयोध्या में सरयू नदी के लक्ष्मण घाट क्षेत्र में बड़ा हादसा सामने आया है। सरयू स्नान के दौरान 3 युवक नदी में डूब गए। बताया जा रहा है कि एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में तीनों युवक गहरे पानी में चले गए। डूबने वालों की पहचान अमित, राज और अभिषेक के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 19 से 20 वर्ष बताई जा रही है। तीनों युवक बस्ती जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और सुबह करीब 5 बजे घर से अयोध्या के लिए निकले थे।
मिली जानकारी के अनुसार लक्ष्मण घाट पर तीनों युवक अपने दो अन्य दोस्तों के साथ सरयू स्नान के लिए पहुंचे थे। पांचो युवक पम्प हाउस के पास स्नान कर रहे थे, तभी अचानक किसी एक के डूबने पर बाकी उसे बचाने के लिए कूद पड़े। इस प्रयास में सभी ही तेज बहाव में फंस गए और डूबने लगे। घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस, अयोध्या पुलिस और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सरयू नदी में डूबे तीनों युवकों की तलाश के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। गोताखोरों और राहत टीमों को भी लगाया गया है।
जल पुलिस का कहना है सभी युवक जल बैरिकेडिंग को पार कर के स्नान कर रहे थे। पहले एस डी आर एफ टीम ने उनको बैरिकेडिंग पार न करने की हिदायत दी थी, लेकिन चेतावनी को अनसुना कर वे गहरे पानी में चले गए। युवकों की तलाश की जा रही है। जल पुलिस और अयोध्या पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। दो युवकों को तो नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तीन युवक का पता नहीं चला है। उनकी तलाश जारी है। घटना की सूचना पाकर युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं।
वहीं अमरोहा से अयोध्या पहुंचे दो अन्य श्रद्धालु भी सरयू स्नान के दौरान डूबने लगे थे, जिन्हें जल पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बाहर निकाल लिया। दोनों श्रद्धालुओं को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। अमरोहा से आए दो अन्य श्रद्धालु भी सरयू स्नान के दौरान डूब गए थे। जल पुलिस ने इन्हें भी सकुशल रेस्क्यू किया और अस्पताल भिजवाया।
