4 महीने पहले ही हुई थी मृतका की शादी
जालोरः जिले के मोरसीम गांव में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां, एक शादी समारोह में डांस कर रही 22 वर्षीय महिला की अचानक मौत का गई। डॉक्टरों ने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।
जानकारी मुताबिक, मृतका दीपू (22) की 4 महीने पहले ही शादी हुई थी। पति दिलीप कुमार का मुंबई में स्टील का बिजनेस है। शादी के बाद दीपू पहली बार ममेरे भाई-बहन की शादी में शामिल होने ननिहाल आई थी। दीपू के ममेरे भाई बागोड़ा कस्बे के मोरसीम गांव निवासी भंवर लाल ने बताया कि उनके ताऊ लुंबाराम राजपुरोहित के बेटे और बेटी की शादी है। बेटी की शादी 28 अप्रैल को है, बेटे की शादी एक मई को होनी है। शादी समारोह में शामिल होने के लिए दीपू सांचौर के सातड़ा गांव से ननिहाल आई थी। सोमवार रात करीब 9 बजे बिंदौरी कार्यक्रम में डीजे लगा था, सभी लोग डांस कर रहे थे। इस बीच डांस फ्लोर पर दीपू भी चढ़ गई और राजस्थानी गीतों पर डांस करने लगी। करीब 10 मिनट डांस करने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह अचानक जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद परिजनों ने उसे संभाला और मोरसीम गांव के सरकारी हॉस्पिटल लेकर गए।
भंवर लाल ने बताया कि डॉक्टरों ने बताया कि दीपू को हॉर्ट अटैक आया है, ऐसे में हॉर्ट की पंपिंग के लिए इंजेक्शन भी लगाए गए थे, लेकिन दीपू की सांसें थम गईं। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम करवाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है।
