लुधियानाः जिले के कुबेर किंग मोबाइल शॉप के मालिक और उसके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही है। वहीं इस मामले को लेकर सुनील धीर ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपना दर्द बयां किया है। नेशनल हाईवे पर खड़े होकर सुनील धीर ने रोते हुए कहा कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। सुनील धीर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपनी दुगरी में ब्रांच शुरू किया है। जिसके बाद से ही उन्हें फिरौती के फोन आने शुरू हो गए।
धीर के मुताबिक उनकी बहन को फोन कर धमकाया गया और कहा गया या तो एक लाख रुपए महीना देना शुरू कर दो नहीं तो तुझे पता लग जाएगा जब तेरे भाई और तेरे माथे पर गोली मारेंगे। पीड़ित कारोबारी ने रोते हुए आरोप लगाया कि न केवल धमकियां दी जा रही हैं बल्कि सोशल मीडिया पर उनकी पत्नी और बहन की तस्वीरों के साथ अश्लील गाने लगाकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।
सुनील ने कहा-मैं कर्ज उठा-उठा कर काम कर रहा हूं क्या इस शहर में बिजनेस करना हराम है मैंने किसी का क्या बिगाड़ा है। वीडियो में सुनील धीर ने साफ़ किया कि उन्हें पुलिस प्रशासन या सरकार से कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने एसीपी सरबजीत सिंह और मैडम मेयर का शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने सुरक्षा और सहयोग देने की कोशिश की है। हालांकि धमकियां देने वाले बदमाशों के खौफ ने उन्हें इस कदर तोड़ दिया है कि उन्होंने वीडियो में यहाँ तक कह दिया ओ कुत्ते के बच्चों अगर परेशानी है तो मेरे माथे पर गोली मार दो मुझे खत्म कर दो, पर मेरे परिवार को तंग मत करो।
