फिरोजपुरः गांव नवां बारी के पास दुखद हादसे का मामला सामने आया है। जहां, ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में परिवार के इकलौते बेटे की मौत हो गई। वहीं परिवार ने इंसाफ की मांग की है। पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर ट्रैक्टर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी मुताबिक, मृतक सुखचैन सिंह (18 वर्ष) पुत्र मुख्तियार सिंह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव नवां बारी से पास के गांव हुसैनीवाला किसी काम से जा रहा था। तभी विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली की लाइटें बंद थीं जिससे बाइक सवार को ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया। टक्कर मारने के बाद, ट्रैक्टर ड्राइवर उसे घायल हालत में वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार भी मौके पर पहुंचा और तुरंत उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर की लापरवाही के कारण उनके बेटे की मौत हो गई।
परिवार ने कहा कि अगर ट्रैक्टर-ट्रॉली की लाइटें जल रही होतीं, तो आज उनका बेटा उनके बीच होता। पीड़ितों ने पुलिस को मामले की सूचना दे दी है। पुलिस ने परिवार के बयानों के आधार पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताया जा रहा है, जबकि परिवार ने मांग की है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
