ऊना,सुशील पंडित: नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला पुलिस ऊना की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) ऊना की टीम ने भटोली में एक युवक को 27.56 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) और इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को रात करीब 9:30 बजे SIU ऊना की टीम गुप्त सूचना के आधार पर भटोली स्थित ITI भवन के समीप गश्त पर थी। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में मिले युवक की पहचान मनीष कुमार पुत्र श्रवण कुमार, निवासी वार्ड नंबर छह, बसदेहड़ा, तहसील व जिला ऊना के रूप में हुई।
पुलिस टीम ने नियमानुसार युवक के बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 27.56 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) तथा नशे की मात्रा तौलने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक इलेक्ट्रॉनिक वेइंग मशीन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाई जा सके। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है। जिला पुलिस ऊना ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस ने लोगों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया है।