चंडीगढ़ : हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्षा सुमन सैनी वीरवार को कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश (एलएनजेपी) नागरिक अस्पताल में पहुंची। उन्होंने पिंडारसी गांव के पास हुए दर्दनाक सडक़ हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। इसके उपरांत उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने गांव कलाल माजरा में मृतकों के अंतिम संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
उपाध्यक्षा सुमन सैनी ने अस्पताल के महिला वार्ड में भर्ती प्रत्येक घायल मरीज के पास जाकर उनसे बातचीत की और हादसे के बारे में जानकारी ली। उन्होंने घायलों को ढांढस बंधाया और कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने मरीजों से अस्पताल में मिल रही दवाइयों, खाने-पीने और अन्य सुविधाओं के बारे में भी फीडबैक लिया।
पिंडारसी में हुआ हादसा बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक है। इस हादसे ने कई परिवारों को गहरा जख्म दिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति सहानुभूति प्रकट की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।