फगवाड़ाः शहर के भगतपुरा इलाके में युवक के साथ बुरी तरह मारपीट करने का मामला सामने आया है। युवक को गंभीर हालत में फगवाड़ा के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों ने पुलिस को सूचित कर दिया है और इंसाफ की मांग की गई है।
जानकारी देते सुखप्रीत सिंह ने बताया कि उनका पड़ोसी प्रिंस उर्फ चीकू चोरी के मामले में नामजद है। वह उनके भी घर में मोबाइल चोरी कर रहा था कि उन्होंने उसे पकड़ लिया और उसको पीटकर वहां से भगा दिया था। थोड़ी देर बाद ही आरोपी प्रिंस टोनी को साथ लेकर आया और उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। इस दौरान हमलावरों के पास तेजधार हथियार भी थे। सुखप्रीत ने कहा कि उन्होंने भागकर जान बचाई जबकि उनके भाई संदीप को हमलावरों ने बुरी तरह पीटा और उसे गंभीर घायल कर दिया। इस घटना की सीसीटीवी भी सामने आई है जिसमें आरोपी हथियार लाते और मारपीट करते साफ दिख रहे हैं।
पीड़ित की बहन निक्षिका ने बताया कि उनका भाई संदीप सिंह घर के बाहर खड़ा था कि इस दौरान 2 युवक आए और बातचीत करने के बाद उन्होंने उनके भाई पर खंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे बुरी तरह मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया और घर में भी तोड़फोड़ की गई। यह घटना मोहल्ले में लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई। मोहल्ला के लोगों ने परिवार को सूचित किया। उन्होंने आनन-फानन में संदीप को अस्पताल दाखिल करवाया और पुलिस को मामले की सूचना दी। उन्होंने कहा कि अभी तक पुलिस उनके बयान दर्ज करने नहीं आई है। उनकी सिर्फ यही मांग है कि उनको इंसाफ दिलाया जाए और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
