फिरोजपुरः शहर के कस्बा ममदोट से घरेलू हिंसा का गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास को बुरी तरह पीटने के बाद उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान सास के सिर पर और महिला के चेहरे पर गंभीर घाव आए हैं। बताया जा रहा है कि व्यक्ति को अपनी पत्नी के उपर किसी अन्य के साथ नाजायज संबंध होने का शक था और इसी दुख से उसका बेटा भी मर गया जिससे आहत होने व्यक्ति ने अपनी पत्नी और सास को मारने की नियत से इस वारदात को अंजाम दिया। वहीं घटना के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता की सास ने बताया कि जब वह अपनी बेटी के साथ काम से घर लौट रही थी, तो उसके दामाद ने उसे रास्ते में रोक लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि दामाद ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्होंने बताया कि उनका दामाद जब से शादी हुई है तब से उनकी बेटी से लड़ाई झगड़ा करता रहता है। कई बार उनकी सुलह करके बेटी को ससुराल भेजा गया, लेकिन हर बार वह लड़ाई कर लेता था, जिससे तंग आकर उनकी बेटी मायके ही रहती थी। बीते दिन उनकी बेटी के बेटे की मौत हो गई थी और उसका दामान उनकी बेटी को संस्कार में बुला रहा था, लेकिन उनकी बेटी को पता था कि वह उससे झगड़ा करेगा इसलिए वह वहां नहीं गई। इसी वजह से उसने उन पर हमला किया होगा।
दूसरी तरफ, पति और उसके परिवार वालों ने कहा कि उसकी पत्नी के किसी से नाजायज संबंध थे और वह काफी समय से उसे मनाने की कोशिश कर रहा था कि वह ऐसा न करे।
इसी के चलते उसके एक बेटे ने अपनी मां से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसी के गुस्से में यह घटना हुई है। वहीं, पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।