टेक्नोलॉजी: व्हाट्सऐप अपने यूजर्स के लिए एक नया प्राइवेसी फीचर टेस्ट कर रहा है जो मैसेज सुरक्षा को पहले से ज्यादा एडवांस बना सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी ऐसा फीचर ला रही है जिसमें डिसअपीयरिंग मैसेज सिर्फ तय समय के बाद नहीं बल्कि पढ़े जाने के बाद खुद-ब-खुद डिलीट हो जाएंगे। यह फीचर पहले Android बीटा वर्जन में देखा गया था और अब आईफोन यूजर्स के लिए भी इसकी टेस्टिंग शुरु हो गई है।
आईफोन बीटा यूजर्स को मिला नया ऑप्शन
रिपोर्ट के अनुसार, यह फीचर फिलहाल कुछ आईफोन बीटा टेस्टर्स को मिल रहा है जो एप्पल के TestFlight प्रोग्राम के जरिए व्हाट्सऐप का बीटा वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं। कुछ सामान्य App Store यूजर्स को भी यह फीचर सीमित रुप से दिखाई दे सकता है। नई सेटिंग After Reading नाम से डिसअपीरियरिंग मैसेज सेक्शन में दिखाई दे रहे हैं।
मैसेज का टाइमर मैसेज भेजते ही शुरु हो जाता था परंतु नए फीचर में टाइमर तभी एक्टिव होगा जब रिसीवर मैसेज पढ़ लेगा। यूजर्स 5 मिनट 1 घंटा या 12 घंटे का टाइमर चुन सकेंगे। अगर सामने वाला व्यक्ति 24 घंटे तक मैसेज नहीं खोलता है तो व्हाट्सऐप उसे अपने-आप हटा देगा यानी मैसेज बिना पढ़े भी ज्यादा समय तक चैट में नहीं रहेगा।
पुराने डिसअपीयरिंग फीचर के साथ करेगा काम
यह नया फीचर WhatsApp के मौजूदा disappearing messages सिस्टम के साथ ही काम करेगा। अभी प्लेटफॉर्म 24 घंटे, 7 दिन और 90 दिन वाले टाइमर ऑप्शन देता है। यूजर इन्हें किसी एक चैट पर या सभी नई चैट्स के लिए डिफॉल्ट रुप में लागू कर सकते हैं हालांकि नया After Reading फीचर पूरी तरह ऑप्शनल बताया जा रहा है। यानी यह अपने-आप चालू नहीं होगा और यूजर को इसको मैनुअली ऑन करना पड़ेगा जिन चैट्स में यह फीचर एक्टिव नहीं होगा। वहां पुरानी सेटिंग्स पहले की तरह काम करती रहेगी।
भेजने और पढ़ने वाले के लिए अलग-अलग टाइमिंग
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि मैसेज भेजने वाले की कॉपी चुने गए टाइमर के हिसाब से हट सकती है जबकि रिसीवर की ओर से टाइमर मैसेज पढ़ने के बाद शुरु होगा। इससे दोनों यूजर्स के लिए मैसेज एक्सपायर होने का समय अलग हो सकता है फिलहाल व्हाट्सएप्प ने यह साफ नहीं किया है कि यह फीचर सभी यूजर्स के लिए कब तक जारी किया जाएगा लेकिन आने वाले हफ्तों में इसे ज्यादा बीटा टेस्टर्स तक पहुंचाया जा सकता है।

