नई दिल्लीः IPL के इस सीजन की आखिरी तस्वीर को भुलाना आसान नहीं। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 90 हजार से ज्यादा दर्शक और बीच मैदान में विराट कोहली जोश भरते दिखे। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गुजरात टाइटंस को हराकर आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। आरसीबी ने इस तरह लगातार दूसरी बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया और वह टूर्नामेंट के इतिहास की चौथी सबसे सफल टीम बन गई। खिताब जीतने के बाद विराट कोहली और अनुष्का शर्मा प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे।
आरसीबी की ऐतिहासिक आईपीएल 2026 जीत के बाद, विराट कोहली और अनुष्का शर्मा वृंदावन के राधा केली कुंज आश्रम में नजर आए। दोनों ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया और आध्यात्मिक गतिविधियों में भाग लिया। इसी के साथ ही खिताब जीतने के यादगार अभियान पर विचार-विमर्श किया। बता दें कि 2026 के सीजन ने उसका जवाब कई रूपों में दिया – रिकॉर्ड बुक को नए सिरे से लिखता 15 साल का एक लड़का, मध्य प्रदेश का शांत खिलाड़ी, जिसने अपनी टीम को लगातार दो खिताब दिलाए, टीम इंडिया में सिलेक्शन के लिए दावेदारी पेश करते दो बल्लेबाज और T20 स्पेशलिस्ट की एक पूरी पीढ़ी, जिसने खुद को इसी मंच के लिए तैयार किया है।
आरसीबी के लिए एक बार फिर विराट कोहली जीत के हीरो बनकर उभरे। कोहली 42 गेंदों पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 75 रन बनाकर नाबाद रहे। कोहली अंत तक टिके रहे और उन्होंने छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी के लिए कोहली के साथ वेंकटेश अय्यर पारी की शुरुआत करने उतरे। वेंकटेश इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतरे थे। इन दोनों बल्लेबाजों ने तेजी से खेलना शुरू किया और गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बनाया। वेंकटेश और कोहली के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई।
