जालंधर, ENS: शहर के मशहूर पारंपरिक रेस्टोरेंट ‘हवेली’ से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक ग्राहक ने दावा किया है कि उसे परोसे गए सलाद में जिंदा कॉकरोच मिला। वीडियो करीब 20 घंटे पहले गुरप्रीत रंधावा नामक यूजर ने सोशल मीडिया इसे पर शेयर किया है।
वीडियो में गुरप्रीत रंधावा ने बताया कि वह किसी काम से जालंधर आए थे और दोपहर के समय खाना खाने के लिए हवेली रेस्टोरेंट पहुंचे। उन्होंने नाश्ते में परांठे और सलाद का ऑर्डर दिया था। उनका दावा है कि सलाद की प्लेट टेबल पर आते ही उसमें एक छोटा जिंदा कॉकरोच दिखाई दिया, जिसके बाद उन्होंने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया।
वीडियो में सलाद के अंदर कॉकरोच चलता हुआ नजर आ रहा है। ग्राहक ने रेस्टोरेंट प्रबंधन पर नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई और हाइजीन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि इतने बड़े और प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट में इस तरह की लापरवाही गंभीर मामला है।
गुरप्रीत रंधावा ने आरोप लगाया कि सलाद ताजा नहीं लग रहा था और उसे लंबे समय तक स्टोर किया गया हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही से रोजाना आने वाले ग्राहकों, खासकर बच्चों और परिवारों की सेहत पर असर पड़ सकता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए लोगों से इसे ज्यादा से ज्यादा शेयर करने की अपील की, ताकि रेस्टोरेंट प्रबंधन और संबंधित अधिकारी इस मामले का संज्ञान लें। फिलहाल वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों पर हवेली रेस्टोरेंट प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

