भिवाड़ीः राजस्थान में तिजारा जिले के औद्योगिक कस्बे भिवाड़ी से एक बेहद हैरान और शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। जहां एक पॉश आवासीय सोसाइटी में एक ऐसी घटना घटी है जिसने हर किसी को सन्न कर दिया है। रोजमर्रा की तरह सोसाइटी में दूध सप्लाई करने आने वाले अजरुद्दीन नामक युवक पर दूध में पेशाब करने के आरोप लगे है। जिसे सुनकर सोसाइटी के लोग दहशत और भारी गुस्से में हैं। आरोप है कि यह युवक सोसाइटी की लिफ्ट में पेशाब करता हुआ पकड़ा गया है। यह पूरी शर्मनाक घटना लिफ्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके बाद से ही यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है।
हालांकि, बताया जा रहा है कि यह मामला करीब 7 से 8 दिन पुराना है, लेकिन अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आवासीय सोसाइटी में सुरक्षा के लिहाज से लगे सीसीटीवी कैमरे के चलते इस आरोपी की घिनौनी हरकत सबके सामने आ सकी। कथित दूध सप्लाई करने वाला युवक जब लिफ्ट से ऊपर जा रहा था, तब उसने लिफ्ट के अंदर ही पेशाब कर दिया। उसे शायद इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसकी यह गंदी हरकत कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है। लिफ्ट में टॉयलेट करता हुआ यह युवक साफ तौर पर वीडियो में देखा जा सकता है। इस घटना के उजागर होने के बाद से ही पूरी सोसाइटी में हड़कंप मच गया है।
वहीं, उसके आसपास मौजूद सोसाइटी के लोग उस पर अपनी कड़ी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं। कुछ लोग इस दूधिया को घेरकर उससे कड़े सवाल-जवाब कर रहे हैं, लेकिन आरोपी के पास उनके सवालों का कोई जवाब नहीं है। वहीं भिवाड़ी की कृष वाटिका सोसाइटी के अध्यक्ष अमित यादव ने कहा कि जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने गलती मान ली। इसमें सबसे ज्यादा डराने वाली बात यह थी कि उसने सिर्फ लिफ्ट में पेशाब करने की बात ही नहीं मानी, बल्कि यह भी स्वीकार किया कि वह लोगों को सप्लाई किए जाने वाले दूध में भी पेशाब मिलाता था। हालांकि, अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि लिफ्ट में पेशाब करने का सीसीटीवी फुटेज उनके पास है, लेकिन दूध में पेशाब मिलाने का कोई वीडियो प्रमाण नहीं है, यह बात सिर्फ उस लड़के ने खुद कबूल की है।
