अंबेडकरनगर: यूपी के अंबेडकरनगर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह 5 बजे बड़ा हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही वॉल्वो बस की ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि चार गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के मुताबिक, ओवरटेक के दौरान हादसा हुआ। हादसे में घायल यात्रियों की पहचान सुमित मिश्रा, सुमित आनंद और रिंकू कुमारी के रूप में हुई है। यह जिला मुख्यालय से 50 किलोमीटर दूर की घटना है। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का बायां हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक गोरखपुर लिंक एक्सप्रसेवे पर यातायात प्रभावित रही लेकिन बचाव टीम ने बस को सड़क किनारे करवाकर ट्रैफिक दुरुस्त करवाया। पुलिस का कहना है कि ओवरटेक के दौरान बस चालक को झपकी आने की वजह से हादसा हुआ है। एएसपी डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को प्रातः लगभग 05:30 बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना जैतपुर क्षेत्रान्तर्गत गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 85 पर वोल्वो बस एवं ट्रक की दुर्घटना हो गई है।
सूचना प्राप्त होते ही थाना जैतपुर पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को उपचार के लिए सीएचसी नगपुर ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा उपचार के दौरान 4 यात्रियों को मृत घोषित किया गया और 4 घायलों को बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर रेफर किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वोल्वो बस तेगरा एक्सप्रेस की है, जो दिल्ली से दरभंगा जा रही थी। प्रथम दृष्टया चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना होना प्रकाश में आया है।
