बद्दी में युवक की हत्या मामले में दो संदिग्धों की पहचान पुलिस की टीमें तलाश में जुटी
बद्दी/सचिन बैंसल: बद्दी क्षेत्र के बिलांवाली लबाणा में एक युवक की हत्या हो गई है। युवक का शव खेत में पड़ा मिला, जिसके सिर पर चोटें पाए गए। और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस ने अलग अलग टीमों का गठन करके संभावित ठिकानों पर रवाना कर दी है। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना बद्दी में अभियोग दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।
मृतक की पहचान यूपी के बिजनौर तहसील व जिले के छितावर गांव के ओमकार चौधरी पुत्र दिलावर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार ओमकार चौधरी का सोमवार रात को कुछ व्यक्तियों के साथ विवाद हुआ था, जिसके आधार पर दो संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। बद्दी पुलिस की ओर से अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है तथा मामले में संलिप्त आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।