जयपुरः वेस्ट पुलिस ने साइबर अपराध के एक गंभीर मामले में एआई तकनीक के माध्यम से युवती के अश्लील फोटो और वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल करने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास से काबू किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी देते डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 17 मई को एक युवती ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि दी थी कि वह फेसबुक और इंस्टाग्राम चलाती है और अपने और परिवार के फोटो-वीडियो वहां पर अपलोड करती रहती है। उसने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसकी तस्वीरों और नाम का दुरुपयोग कर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी ग्रुप बना लिया और उसकी फोटो को एडिट कर अश्लील तस्वीरें तैयार कर परिचितों को भेज दिया। आरोपी युवती और उसके परिवार के बारे में गलत कमेंट भी करता था और वीडियो कॉल करने का दबाव बनाता था। वह उसे ब्लैकमेल भी कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर जांच के आधार पर पुलिस को संदिग्ध का पता चला जिसकी पहचान निर्मल सिंह (25) पुत्र जोगिन्दर सिंह निवासी ओडकी थाना हिंदूमलकोट जिला श्रीगंगानगर के रूप में हुई। इसके बाद करधनी थाना पुलिस की टीम श्रीगंगानगर रवाना हुई।
पुलिस टीम ने थाना हिंदूमलकोट के सहयोग से आरोपी की तलाश शुरू की। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने करीब 7 से 8 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी निर्मल सिंह पुत्र जोगिन्दर सिंह को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास से डिटेन किया। पूछताछ के बाद आरोपी को 27 मई को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

