शिमलाः हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के टोलैंड क्षेत्र में देर रात कार और टैंकर के बीच हादसा हो गया, जिससे कार में सवार दो पुलिस कर्मियों की मौत हो गई। हादसा सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास हुआ। दुर्घटना के बाद दोनों पुलिस कर्मियों को गंभीर हालत में उपचार के लिए आइजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान प्रवीण निवासी ननखड़ी और हेमंत निवासी जुब्बल के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही छोटा शिमला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी कार में सवार होकर टोलैंड की तरफ से खलीनी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीपीडब्ल्यूडी कॉलोनी के पास उनकी कार सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
टोलैंड-खलीनी रोड के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस लाइन कैथू में तैनात हेड कांस्टेबल प्रवीण मेहता और कांस्टेबल हेमंत कुमार के निधन पर नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शोक जताया है। जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर दोनों पुलिसकर्मियों के निधन को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में ‘ॐ शांति’ लिखकर श्रद्धांजलि दी।

