भिवानीः हरियाणा के भिवानी में गांव लहलाना व भाखड़ा के बीच स्थित नहर के साथ लगते डिग के पानी में 2 मासूम बच्चों के डूबने की घटना सामने आई है। जहां सुबह दौड़ लगाने निकले 2 चचेरे भाइयों की नहर किनारे बनी डिग में डूबने से मौत हो गई। दोनों किशोर नहाने के लिए पानी में उतरे थे, लेकिन गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले किया जाएगा।
गांव लहलाना निवासी 2 चचेरे भाई, 16 वर्षीय पियुष और 15 वर्षीय वीरेन, डिग में डूब गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चों को पानी से निकालकर तुरंत भिवानी के सामान्य अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के ताऊ ओमबीर ने बताया कि दोनों बच्चे रोजाना की तरह सुबह करीब सवा चार बजे दौड़ लगाने के लिए घर से निकले थे। दौड़ पूरी करने के बाद वे नहर के पास बनी डिग्गी में नहाने चले गए। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए। पड़ोसी गांव भाखड़ा के ग्रामीणों ने उन्हें डूबता देखा और बचाने का प्रयास किया, साथ ही परिवार को भी सूचना दी। लेकिन जब तक दोनों को बाहर निकाला गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंची और जांच शुरू कर दी। जांच अधिकारी एसआई सुरेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बच्चे प्रतिदिन सुबह दौड़ लगाने जाते थे। मंगलवार को भी दौड़ लगाने के बाद वे डिग्गी में नहाने के लिए उतरे, जहां डूबने से उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि मृतक वीरेन दसवीं कक्षा का छात्र था, जबकि पियुष ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ता था। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। दो मासूम चचेरे भाइयों की एक साथ हुई मौत से गांव लहलाना में मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।

