प्रदेशभर में मंत्रियों, सांसदों एवं विधायकों ने नागरिकों के साथ सुना कार्यक्रम
चंडीगढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का रविवार को देश में व प्रदेश में सभी जिलों में उत्साहपूर्वक सुना गया। इस अवसर पर मंत्री, सांसदों, विधायकों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न स्थानों पर नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुना। प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम आज देश के करोड़ों नागरिकों के लिए प्रेरणा, जन-जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बन चुका है। यह कार्यक्रम केवल संवाद का मंच नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी अभियान बन गया है। प्रधानमंत्री प्रत्येक माह समाज के गुमनाम नायकों, नवाचारों और जन आंदोलनों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ देशवासियों को राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले कारगिल विजय दिवस के बारे बात की। कारगिल विजय दिवस हमारे लिए बहुत बड़ा दिवस है क्योंकि पाकिस्तान छुपकर हिंदुस्तान पर हमला करने की कोशिश की थी। तब भारतीय सैनिकों ने पाकिस्तान के पांव उखाड़ दिए थे और यहां तक कि पाकिस्तानी अपने सिपाहियों के शवों को भी वही छोड़कर भाग गए थे और उन्हें अपना मानने से इंकार कर दिया था। उन मृतक सैनिकों का संस्कार भी भारतीय सैनिकों द्वारा किया गया था।
विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम आज देश के करोड़ों नागरिकों के लिए प्रेरणा, जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन चुका है। यह कार्यक्रम केवल विचारों का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रभावी अभियान है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री समाज के उन गुमनाम नायकों, नवाचारों और जन आंदोलनों को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं, जो राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं बल्कि देशवासियों को प्रेरित करने वाला जन-आंदोलन है, जिसमें प्रधानमंत्री हर महीने देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों की प्रेरणादायक कहानियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आत्मनिर्भर भारत, महिला सशक्तिकरण, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करते रहे हैं। इन संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।

