नई दिल्लीः दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से पुणे जाने वाली स्पाइसजेट की उड़ान में उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान में एसी नहीं चला। गर्मी से लोग बेहाल हो गए जबकि कुछ लोग बेहोश भी हो गए। जिसकी सोशल मीडिया पर तेजी से वीडियो वायरल हो रही है।
जानकारी के अनुसार विमान ने अभी उड़ान भरनी थी, विमान में कई छोटे बच्चे और बुजुर्ग यात्री भी सवार थे, जिन्हें पसीने से लथपथ और सांस लेने में भारी तकलीफ का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आक्रोशित यात्रियों ने विमान को टेक-ऑफ करने से साफ इनकार कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
यात्रियों के अनुसार उड़ान भरने की तैयारी के दौरान ही केबिन के अंदर का तापमान बहुत तेजी से बढ़ने लगा था। यात्रियों का आरोप है कि विमान में कोई गंभीर तकनीकी खराबी थी, जिसके बावजूद उसे उड़ाने की कोशिश की जा रही थी। कुछ यात्रियों ने दावा किया कि जब उन्होंने इस बाबत एयरलाइन स्टाफ से शिकायत की और कार्रवाई की मांग की, तो उनके साथ एयरलाइन कर्मियों ने अभद्र व्यवहार किया।
मामला बढ़ता देख और यात्रियों के उग्र विरोध के बाद आखिरकार एयरलाइन प्रबंधन को कदम उठाना पड़ा। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने घटना पर आधिकारिक बयान जारी करते स्थिति स्पष्ट की। स्पाइसजेट ने कहा कि 11 अगस्त को दिल्ली से पुणे के लिए संचालित होने वाली स्पाइसजेट की उड़ान SG 105 में ऐन वक्त पर एक तकनीकी खराबी आ गई थी। इसके तुरंत बाद यात्रियों के लिए एक दूसरे विमान की व्यवस्था की और उड़ान को पुणे के लिए रवाना किया गया। स्पाइसजेट यात्रियों को हुई असुविधा के लिए गहरा खेद व्यक्त करती है।